रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाया गया है। भाजपा ने 23 सितंबर 2026 को नई नियुक्तियों की घोषणा की।
स्मृति ईरानी को हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें दो राज्यों का संगठनात्मक प्रभार सौंपा गया है। छत्तीसगढ़ के लिए उनके साथ राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे।




गोमती साय को गुजरात, सौरभ सिंह को झारखंड की जिम्मेदारी
भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को भी दूसरे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। पत्थलगांव से विधायक गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी और झारखंड में गजेंद्र पटेल प्रभारी बनाए गए हैं।

नितिन नवीन के बाद स्मृति ईरानी को जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी से पहले नितिन नवीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे। वे जुलाई 2024 से सितंबर 2026 तक इस जिम्मेदारी में रहे। बाद में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ के लिए नई संगठनात्मक नियुक्ति की गई। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद भाजपा के संगठनात्मक प्रभारियों में माया सिंह, शुरुआती दौर में नरेंद्र मोदी, धर्मेंद्र प्रधान, जे.पी. नड्डा, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, डी. पुरंदेश्वरी, ओम प्रकाश माथुर और नितिन नवीन शामिल रहे हैं।

डी. पुरंदेश्वरी के बाद दूसरी महिला प्रभारी
स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने वाली दूसरी महिला नेता हैं। इससे पहले डी. पुरंदेश्वरी 2020 से 2022 तक प्रदेश प्रभारी रही थीं। भाजपा की नई नियुक्तियों के तहत देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी तय किए गए हैं। छत्तीसगढ़ में अब संगठनात्मक जिम्मेदारी स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के पास होगी।


