छत्तीसगढ़ के कोल लेवी मामले की छठी पूरक चार्जशीट में कवि डॉ. कुमार विश्वास के खैरागढ़ कार्यक्रम का उल्लेख सामने आया है। EOW के मुताबिक, 5 अप्रैल 2022 की देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी की कथित WhatsApp बातचीत में कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपए की व्यवस्था का जिक्र था। जांच एजेंसी ने इस चैट और अन्य दस्तावेजों को चार्जशीट में शामिल किया है।
रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में USG की तारीख को लेकर विवाद के दौरान महिला इंटर्न डॉक्टर से कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने खुद को BSNL का SDO और केंद्र सरकार का अधिकारी बताते हुए डॉक्टर का ट्रांसफर कराने की धमकी दी। मामले की शिकायत मौदहापारा थाने में की गई है।
भिलाई के कुरुद स्थित नक्टी तालाब की बदहाली को लेकर जनप्रतिनिधियों और रहवासियों ने जल सत्याग्रह किया। जलकुंभी, गंदगी, सीवरेज और नाली की समस्या के बीच प्रदर्शनकारियों ने मैनुअल सफाई के बजाय पॉन्ड क्लीनिंग मशीन से सफाई कराने की मांग की। निगम ने मशीन आने में 5 से 7 दिन लगने की बात कही है।
नक्सल मुक्त दावे के बाद कांकेर के चेमल में लौह खदान की तीन पोकलेन मशीनें आग से क्षतिग्रस्त मिलीं। घटनास्थल से ‘लाल सलाम’ लिखे दो पर्चे मिले हैं। पुलिस ने अभी इसे नक्सली वारदात की पुष्टि नहीं की है और फॉरेंसिक जांच के साथ सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है।
भिलाई के हरिराज होटल के बाथरूम में कथित हिडन कैमरा मिलने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी में होटल के एक कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। BSP वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता ने कैमरे के साथ मोबाइल, DVR और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की मांग की है।