
धमतरी। कुरुद के एसडीएम कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार्यालय में पदस्थ बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद एसडीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, एक जमीन कारोबारी की जमीन के डायवर्सन से संबंधित फाइल कुरुद एसडीएम कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने कारोबारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
बातचीत के बाद कथित तौर पर 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद जमीन कारोबारी ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी बाबू के पास भेजा गया।
जैसे ही बाबू ने 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है।
एसीबी टीम ने आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच जारी
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम एसडीएम कार्यालय में रिश्वत प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
मामले में आगे की कार्रवाई एसीबी की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।

