
रायपुर। कांग्रेस नेता को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए उस पर 5 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। यह घोषणा पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर तारकेश्वर पटेल ने की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शोएब ढेबर के बारे में किसी भी तरह की विश्वसनीय जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।
आरोपी की जानकारी देने पर मिलेगा 5 हजार रुपये का इनाम
पुलिस की ओर से जारी इनाम उद्घोषणा के अनुसार, तेलीबांधा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में शोएब ढेबर फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इनाम किसे और किस प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर द्वारा किया जाएगा।
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
शोएब ढेबर के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नागरिकों से इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है—
सहायक पुलिस आयुक्त, सिविल लाइन: 94252-62002
थाना प्रभारी, तेलीबांधा: 99074-71911
निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235
विदेशी नंबर से WhatsApp पर भेजे गए थे धमकी भरे संदेश
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा हुआ बताते हुए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के साथ जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित बताए गए पांच iPhone भी जब्त किए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। बाद की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए 28 सितंबर को अदालत का रुख किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
इसके बाद से पुलिस आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश कर रही है।
दोबारा अपराध की आशंका, इसलिए इनाम घोषित
पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर के फरार रहने और उसके दोबारा अपराध में शामिल होने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम घोषित किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों और घटनाक्रम की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

