स्वास्थ्य विभाग ने दो चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार रायपुर जिला अस्पताल के नए प्रभारी सिविल सर्जन होंगे, जबकि डॉ. भेनुज कुमार सिन्हा को स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में प्रभारी उप संचालक बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ है। ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन पर ट्रेन रावघाट पहुंची, जबकि अभनपुर–कुरूद के बीच 22 किलोमीटर ब्रॉडगेज लाइन शुरू हुई। रायपुर में 300 इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव केंद्र की नींव भी रखी गई।
कांकेर जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र में पुष्प स्टील एंड माइनिंग की लौह अयस्क खदान में तीन पोकलेन मशीनों को आग लगाने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखे पर्चे मिले थे। पुलिस की जांच में खदान से जुड़े स्थानीय विवाद और घटना को नक्सली वारदात जैसा दिखाने की आशंका सामने आई है।
दुर्ग के सिटी कोतवाली थाने में दर्ज हत्या के मामले में फरार 22 वर्षीय रविदास मानिकपुरी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए ₹10,000 के नगद इनाम की घोषणा की है।